राज्य के प्राइमरी से लेकर प्लस-टू तक के स्कूलों मे होंगी ढ़ाई लाख बहालियां।। शिक्षा विभाग ने शुरू की तैयारी


राज्य के प्राइमरी से लेकर प्लस-टू तक के स्कूलों मे होंगी ढ़ाई लाख बहालियां 

➡️ सृजित होंगे प्रयोगशाला सहायक के 28080,विशेष प्रारंभिक शिक्षक के 10000 व कंप्यूटर शिक्षक के 7446 पद

पटना....पांच दिनो बाद वर्ष 2022 विदा हो जायेगा। छठे दिन का सूर्योदय नये साल (वर्ष 2023) मे होगा। शिक्षा विभाग के  लिए वर्ष 2023 नियुक्तियों का साल होगा। सिर्फ प्राइमरी से लेकर प्लस-टू तक की पढ़ाई वाले सरकारी स्कूलों मे बहालियों के लिए 2 लाख 45 हजार 783 पद आने वाले हैं। इनमे प्रारंभिक, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षकों के साथ हीं प्रयोगशाला सहायकों,विशेष प्रारंभिक शिक्षकों तथा कम्प्यूटर शिक्षकों के पद शामिल होंगे।

       नये साल मे प्रारंभिक से लेकर उच्च माध्यमिक (प्लस-टू) विद्यालयों मे 7वें चरण के तहत शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। 7वें चरण मे प्रारंभिक से लेकर उच्च माध्यमिक (प्लस-टू) विद्यालयों के शिक्षकों के लिए 2 लाख 257 शिक्षकों के पद आने वाले हैं। इनमे 1 लाख 20 हजार पद माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षकों के होंगे। बाकी 80 हजार 257 पद प्रारंभिक शिक्षकों के होंगे।

      2 लाख 257 शिक्षकों की बहाली पर हर साल तकरीबन 5663 करोड़ रुपए अतिरिक्त खर्च होंगे। इनमे 1 लाख 20 हजार माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षकों की बहाली पर वार्षिक व्यय बोझ 3456 करोड़ एवं 80 हजार 257 प्रारंभिक शिक्षकों की बहाली पर वार्षिक व्यय बोझ 2207 करोड़ रुपए बढ़ेगा। 

     खास बात यह है कि शिक्षकों की बहाली नयी नियमावली से होगी। इसका ड्राफ्ट तैयार है। अधिसूचित होने के बाद प्रस्तावित नियमावली लागू होगी। यानि, 7वें चरण की बहाली से ही स्कूली शिक्षकों की नियुक्ति का नया कानून लागू होगा। 7वें चरण मे पहले माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षकों की नियुक्ति होगी। उसके बाद प्रारंभिक शिक्षकों की बहाली होगी। इसका फायदा प्रारंभिक विद्यालयों को होगा।

       दूसरी ओर स्कूलों मे आने वाले दिनों मे 28080 प्रयोगशाला सहायक,10 हजार विशेष प्रारंभिक शिक्षक एवं 7446 कम्प्यूटर शिक्षकों की भी नियुक्तियां होने वाली है। इन नियुक्तियों हेतु उच्च माध्यमिक विद्यालयों की प्रयोगशालाओं के लिए प्रयोगशाला सहायक के 28080 पद सृजित किये जायेंगे। 7446 कम्प्यूटर शिक्षक के पद सृजित होंगे। विशेष प्रारंभिक शिक्षक के भी 10 हजार पद सृजित किये जायेंगे। पदों के सृजन के लिए इससे संबंधित प्रस्ताव पहले वित्त विभाग का अनुमोदन प्राप्त किया जायेगा। उसके बाद इसपर कैबिनेट की मंजूरी ली जायेगी। फिर, सृजित होने वाले इन पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। आपको याद दिला दूं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा गत सितम्बर माह के अंतिम हफ्ते मे शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली गई थी। उसमे प्रस्तावित नियुक्तियों की भी समीक्षा की गई थी।

Comments