सूबे के 78 हजार स्कूलों का बनेगा मास्टर प्लान। ● आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए होगा अध्ययन ● जरूरतों के आधार पर बनेगी विस्तृत कार्ययोजना


सूबे के 78 हजार स्कूलों का बनेगा मास्टर प्लान  

आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए होगा अध्ययन
जरूरतों के आधार पर बनेगी विस्तृत कार्ययोजना

पटना.... राज्य के 78 हजार स्कूलों का मास्टर प्लान बनेगा। शिक्षा विभाग इसकी कार्ययोजना बना रहा है। इसके तहत सभी विद्यालयों मे उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं और आवश्यकताओं का अध्ययन किया जाएगा। इस अध्ययन के आधार पर आगामी वर्षों मे जरूरी आधारभूत संरचना उपलब्ध करायी जाएगी। उधर, शिक्षकों की कमी से जूझ रहे विद्यालयों को शीघ्र शिक्षक भी मिलेंगे। शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है।

      दरअसल, इस समय राज्य के विद्यालयों मे बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। बड़ी संख्या मे ऐसे विद्यालय भी है जिनके पास अपना भवन भी नही है। जहां भवन है तो वे उनकी जरूरत के अनुरूप नही है। आवश्यकता से काफी कम कमरों मे विद्यालय चल रहे हैं। कई विद्यालयों मे एक ही कमरे मे दो-दो वर्ग की पढ़ाई हो रही है। कहीं कहीं पेड़ के नीचे और खुले आसमान के नीचे बच्चे पढ़ने को मजबूर है। विद्यालयों मे उपस्करों की भी भारी कमी है। प्राथमिक विद्यालयों मे समस्याएं अधिक है। ये भवन-कमरे आदि की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे यहां भवन और कमरे बनाने की योजना पर काम चल रहा है। 

     इसी क्रम मे राज्य सरकार ने बड़ी संख्या मे विद्यालयों का अपग्रेडेशन भी किया है। सरकार नए प्राथमिक विद्यालय स्थापित करने के साथ साथ प्राथमिक विद्यालयों का मध्य विद्यालयों मे उत्क्रमण कर रही है। राज्य के सभी पंचायतों मे उच्च माध्यमिक विद्यालयों की स्थापना की योजना अब अपने अंतिम चरण मे है। इस सब स्थानों पर भी आधारभूत संरचना की बेहद जरूरत है। विद्यालयों मे लैब की स्थापना पर काम हो रहा है। स्मार्ट क्लास की व्यवस्था की जा रही है। शौचालय, चहारदिवारी जैसी बुनियादी जरूरतों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। विभाग भविष्य की योजना को लेकर जो मास्टर प्लान तैयार करेगा, उसमे इन सारी बातों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। विभाग के वरीय पदाधिकारी के अनुसार आगामी वर्षों मे इसका क्रियान्वयन शुरू होगा।

बच्चे, शिक्षक और आधारभूत संरचनाओं की सूची बनेगी.... 
मास्टर प्लान मे विद्यालयों की जरूरतों की पूरी लिस्ट रहेगी। बच्चों की जरूरतें क्या-क्या है, वहां कितने शिक्षकों की आवश्यकता है और कैसी आधारभूत संरचना चाहिए। इन सब पर फोकस होगा। पूरी योजना भविष्य की जरूरतों का आकलन कर तैयार होगा। चरणबद्ध उनकी सारी जरूरतें पूरी होगी।

प्लान की खास बातें....  
1-स्कूलों मे भवन की स्थिति 
2-चहारदिवारी, शौचालय 
3-लैब व स्मार्ट क्लास 
4-पुस्तकालय व पुस्तकों की उपलब्धता
5-तकनीकी सुविधा जुटाना

राज्य के विद्यालय....  
40522 प्राथमिक विद्यालय 
28661 मध्य विद्यालय 
391  बुनियादी विद्यालय 
9360  माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालय 

     🔷️ सरकार सभी विद्यालयों मे बुनियादी सुविधाओं से लेकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए कृत संकल्पित है। हमने सभी विद्यालयों की जरूरतों का आंकलन कर उन्हे भविष्य मे पूरा करने की योजना बनाई है। शीघ्र इसपर काम शुरू होगा।
          प्रो. चंद्रशेखर
     शिक्षा मंत्री, बिहार

Comments